बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित भारत माता स्कूल में कक्षा छह के 11 वर्षीय छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है. छात्र की मां ने शिक्षिका पर बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत दी. शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय संयुक्त टीम गठित की है.

शिक्षा विभाग के अनुसार, छात्र की मां पी. जगदेश्वरी ने शिकायत में कहा है कि 17 सितंबर को स्कूल में किसी बात पर क्लास टीचर ने उनके बेटे की कथित तौर पर पिटाई की. परिजनों का कहना है कि घटना के बाद बच्चा इतना डर गया कि उसने स्कूल जाने से इनकार कर दिया. मां के मुताबिक, बच्चा रातभर सहमा रहा और रोते हुए उसे स्कूल नहीं भेजने की गुहार लगाता रहा.

परिवार का आरोप है कि घटना के अगले दिन वे स्कूल के प्राचार्य के पास शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत की.

तीन दिन में देनी होगी रिपोर्ट

जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे ने बीईओ बिल्हा और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तिफरा के सेजेश प्राचार्य को संयुक्त जांच अधिकारी नियुक्त किया है. टीम को मौके पर जाकर पूरे मामले की तथ्यात्मक जांच करने और तीन दिनों के भीतर स्पष्ट अनुशंसा के साथ रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. आदेश की प्रतियां संचालक लोक शिक्षण और कलेक्टर को भी भेजी गई हैं.

डीईओ के मुताबिक, स्कूलों में बच्चों के साथ किसी भी तरह की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना प्रतिबंधित है. उन्होंने कहा कि जांच में आरोप प्रमाणित होने पर संस्था और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

भारत माता स्कूल के प्राचार्य प्रमोद कुमार बड़ा ने कहा कि अभिभावक की शिकायत मिली है और शिक्षा विभाग के सक्षम अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं. उनका कहना है कि जांच पूरी होने से पहले मामले पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी.

फिलहाल, छात्र की पिटाई के आरोपों की जांच जारी है. उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.