बिलासपुर जिले में अलग-अलग मामलों को लेकर शिक्षा विभाग, पुलिस और बिजली विभाग ने कार्रवाई की है. मस्तूरी क्षेत्र के बेलटुकरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में एक छात्रा से कुर्सी साफ कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लिया है.

विभाग ने स्कूल के प्रधान पाठक भारतीय खांडे को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है. उनसे पूरे मामले पर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है. शिक्षा विभाग के अनुसार, जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच चल रही है.

शराब के पैसे मांगने का आरोप, चाकू बरामद

तोरवा थाना क्षेत्र में पुराने पंप हाउस के पास शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता दुर्गेश यादव के मुताबिक, कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष ने उससे पैसे मांगे थे. इनकार करने पर मारपीट की गई और धारदार चाकू से हमला किया गया.

शिकायत के बाद तोरवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है. मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

पंडालों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन जरूरी

गणेश पंडालों में बिजली आपूर्ति के लिए अस्थायी कनेक्शन लेने और वायरिंग की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं. बिजली विभाग के अधिकारियों ने कटे-फटे तारों का इस्तेमाल न करने तथा पंडाल में हुकिंग मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है.

विभाग को शहर से 165 और ग्रामीण क्षेत्र से 79 आवेदन मिले हैं. पंडाल विद्युत लाइनों, पोल और अन्य उपकरणों से सुरक्षित दूरी पर बनाने को कहा गया है. तारों के नीचे या उनके बहुत नजदीक पंडाल, झंडे, बैनर और धातु के ढांचे नहीं लगाने होंगे. वायरिंग अधिकृत और प्रशिक्षित बिजली कर्मी से कराने की सलाह दी गई है.