बिलासपुर की मध्य नगरी रोड पर स्कूटी की टक्कर के बाद विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों ने पहले एक महिला को टक्कर मारकर गिराया और उसके बाद समझाइश देने पहुंचे उसके पति के साथ मारपीट की.
घटना एक नवंबर की रात करीब 9:30 बजे राज मोबाइल सेंटर के पास की बताई गई है. सतना जिले के बड़खेरा गांव की रहने वाली ज्योति शर्मा (25) बिलासपुर के सरजू बगीचा मसानगंज में किराए के मकान में रहती हैं. वह उसलापुर ब्रिज के पास स्थित साईं समोसा होटल में काम करती हैं.
बताया गया है कि काम खत्म करने के बाद ज्योति स्कूटी से घर लौट रही थीं. इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य स्कूटी के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से ज्योति सड़क पर गिर गईं और उनके बाएं पैर में चोट आई.
घटना की जानकारी मिलने पर उनके पति अंकित शर्मा मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्कूटी चालक और उसके साथ मौजूद युवकों से वाहन सावधानी से चलाने को कहा. आरोप है कि इस बात पर विवाद शुरू हो गया और युवकों ने अंकित के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की.
स्रोत के अनुसार, हमले में ईंट और हाथ में पहने कड़े का इस्तेमाल किया गया. अंकित के सिर, आंख के नीचे, मुंह और घुटने में चोटें आई हैं. ज्योति की शिकायत पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.
