बिलासपुर स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय में दूसरे ‘SECL विश्वकर्मा अवार्ड्स’ समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में खदानों और संचालन से जुड़े विभिन्न कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 नियमित और संविदा कर्मचारियों को सम्मानित किया गया.

लोकगीत-नृत्य के बीच हुआ सम्मान समारोह

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई. इसके बाद लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनके बीच कर्मचारियों को विश्वकर्मा अवार्ड प्रदान किए गए. ऑपरेशन, मेंटेनेंस, सुपरवाइजरी और अन्य तकनीकी कार्यों में विशेष योगदान देने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार दिए गए.

SECL के अनुसार, अवार्ड्स का यह दूसरा संस्करण खदानों और संचालन क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों के तकनीकी कौशल और मेहनत को पहचान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

समारोह में मानव संसाधन निदेशक बिरंची दास, निदेशक तकनीकी संचालन रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक तकनीकी योजना/परियोजना (अतिरिक्त प्रभार) नृपेंद्र नाथ मौजूद रहे. संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति, श्रमसंघों और विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ विभागाध्यक्ष और संचालन क्षेत्रों से आए अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए.

ऊर्जा सुरक्षा में योगदान का उल्लेख

बिरंची दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रतीक हैं. उनके अनुसार, खनन उद्योग से जुड़े कर्मचारी अपने कौशल और मेहनत से देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा अवार्ड्स के जरिए कर्मचारियों के योगदान के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया जा रहा है.

समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की ओर से कोयला श्रमिकों के लिए भेजे गए संदेश का पाठ भी किया गया.

‘स्वच्छता ही सेवा’ और स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत SECL मुख्यालय तथा संचालन क्षेत्रों में स्वच्छता और कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों को भी सम्मानित किया गया. अभियान में लंबित मामलों के निपटारे, स्थान के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और ई-वेस्ट प्रबंधन जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं.