बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित संपदा कैंपस में सोमवार रात एक महिला से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया. पीड़िता की पहचान सुमन सिंह के रूप में हुई है. वह SECL में कर्मचारी हैं और संपदा कैंपस में रहती हैं.
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद सुमन कैंपस में टहल रही थीं. इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया. महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब दो तोले की सोने की चेन खींच ली.
महिला ने चेन बचाने के लिए विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की. झूमाझटकी में सुमन के गले और शरीर पर चोटें आईं. वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से घटना की जानकारी ली.
पुलिस कैंपस और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है. पुलिस के अनुसार, फुटेज में संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी नजर आ रही है. फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
