छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जब्त बाइक छुड़ाने की मांग को लेकर दो बहनों ने ट्रैफिक थाने के बाहर हंगामा किया. दोनों महिलाएं अपने छोटे बच्चे के साथ पहुंची थीं और पुलिसकर्मियों से बाइक छोड़ने की गुहार लगा रही थीं. महिलाओं का कहना था कि बाइक घर के काम आती है और उसके नहीं मिलने से परेशानी हो रही है.
पुलिस के मुताबिक, करीब तीन-चार दिन पहले महिलाओं के भाई को बाइक चलाते पकड़ा गया था. ट्रैफिक पुलिस का दावा है कि वह शराब के नशे में वाहन चला रहा था. ब्रेथ एनालाइजर जांच में करीब 130 के आसपास रीडिंग आने की बात पुलिस ने कही है. इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक जब्त की गई.
सोमवार को दोनों बहनें थाने पहुंचीं और बाइक वहीं से छोड़ने की मांग करने लगीं. इस दौरान उनका पुलिसकर्मियों से विवाद हुआ. महिलाओं ने कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि उनके भाई के साथ बताए गए तरीके से मामला नहीं हुआ. युवक ने भी आरोप लगाया कि वह ठेले पर फल्ली खा रहा था, तभी उसकी बाइक जब्त की गई और उससे पैसे मांगे गए. ट्रैफिक पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताया है.
मामला बढ़ने पर सिविल लाइन थाने से महिला पुलिस बल बुलाया गया. महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों महिलाओं को समझाया कि धारा 185 में जब्त वाहन थाने से नहीं छोड़ा जा सकता. न्यायालय में जुर्माना जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बाइक छोड़ी जाएगी. इसके बाद महिलाएं वहां से चली गईं.
ट्रैफिक ASP रामगोपाल करियारे ने कहा कि बाइक चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया था और वाहन नियमानुसार जब्त किया गया.
