बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र स्थित शिवतराई जंगल में निजी रिसॉर्ट के पास एक युवक की अधजली लाश मिली है. घटनास्थल पर उसकी बाइक भी जली हुई हालत में पड़ी मिली. पुलिस ने शव की पहचान और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

स्थानीय लोगों ने सुनसान जगह पर जली हुई बाइक देखी. पास जाकर देखने पर कुछ दूरी पर युवक का शव मिला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम गुरुवार देर शाम मौके पर पहुंची और शुरुआती फोटोग्राफी की.

अंधेरा होने के कारण रात में घटनास्थल की विस्तृत जांच और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी. फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी रात में मौके की बारीकी से जांच नहीं कर पाई. पुलिस के अनुसार, दिन में टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करेगी. आरोपियों तक पहुंचने के लिए स्निफर डॉग की मदद लेने की भी बात कही गई है.

पहचान और हत्या के एंगल से जांच

फिलहाल मृतक की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है. पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए पेट्रोल डालकर शव और बाइक को जलाया गया होगा. हालांकि, यह केवल शुरुआती आशंका है और इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम तथा घटनास्थल की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी.

घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर ACCU की टीम सक्रिय की गई. टीम ने देर रात तक कोटा, शिवतराई और आसपास के इलाकों में स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग मिलने की जानकारी नहीं है.