बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र स्थित श्रीराम पार्क कॉलोनी में मेन ट्रांसफार्मर खराब होने से पिछले चार दिनों से बिजली संकट बना हुआ है. नागरिकों का आरोप है कि इस दौरान लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे कॉलोनी की सामान्य व्यवस्था प्रभावित हुई है.
बिजली समस्या को लेकर नागरिकों ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू की अगुवाई में विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने और अघोषित कटौती पर रोक लगाने की मांग की गई है.
नागरिकों के अनुसार, बिजली संकट का असर पेयजल आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है. उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
वार्ड पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में रोष है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो कॉलोनीवासी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे. पार्षद ने कहा कि ऐसी स्थिति की जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी.
