बिलासपुर के पुराना बस स्टैंड परिसर में छत्तीसगढ़ की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया गया. 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बनी इस सुविधा का निर्माण बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने कराया है.

पांच मंजिला भवन में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी. भूतल पर वाहनों के प्रवेश और निकास को नियंत्रित करने की व्यवस्था है, जबकि पहली से चौथी मंजिल तक हर तल पर 20 कारों के लिए पार्किंग स्लॉट बनाए गए हैं. बेसमेंट में दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की सुविधा भी दी गई है.

शटल रोबो तकनीक कैसे काम करेगी

कार चालक को भूतल के प्रवेश बे में वाहन खड़ा करके बाहर आना होगा. इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली कार को एलिवेटर के जरिए तय मंजिल तक ले जाएगी. वहां शटल रोबो उपकरण वाहन को खाली स्लॉट में पार्क करेगा.

कार वापस लेने के लिए अनुरोध करने पर यही प्रणाली उसे संबंधित स्लॉट से निकालकर भूतल के निकास बे तक पहुंचाएगी. परियोजना की निर्धारित संचालन क्षमता 60 वाहन प्रति घंटा है.

पार्किंग में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश बे और दो निकास बे बनाए गए हैं. सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान और अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित निगरानी व्यवस्था लगाई गई है. पार्किंग के संचालन और शुल्क संबंधी मानदंड नगर निगम की ओर से तैयार किए जा रहे हैं.