बिलासपुर. छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के डॉक्टरों ने एक गंभीर हादसे में घायल 23 वर्षीय युवक की जटिल सर्जरी कर उसकी जान बचाई. युवक के शरीर में करीब चार फीट लंबी लोहे की सरिया आर-पार हो गई थी. डॉक्टरों के अनुसार, हादसे के बावजूद उसके लिवर, किडनी और प्रमुख रक्तवाहिनियों को नुकसान नहीं पहुंचा.

घायल युवक मुकेश कुमार कोरबा जिले की दीपका कॉलोनी में मिस्त्री का काम करता है. काम के दौरान वह इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया और पहली मंजिल पर रखी लोहे की सरिया पर जा गिरा. सरिया उसके शरीर में मलद्वार के पास से घुसी और पेट तथा छाती को चीरते हुए बाहर निकल गई.

परिजनों ने सावधानी से सरिया का कुछ हिस्सा काटकर उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए मुकेश को बिलासपुर के सिम्स रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तत्काल जांच कर आपातकालीन सर्जरी का निर्णय लिया.

सर्जरी विभाग के डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन किया गया. स्रोत के अनुसार, सरिया आंतों के बीच से होकर शरीर में फंसी थी, इसलिए उसे निकालना बेहद जोखिमपूर्ण था. डॉक्टरों ने सरिया को बाहर निकालने के साथ आंतरिक अंगों की मरम्मत भी की.

एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता मूर्ति के नेतृत्व वाली टीम ने ऑपरेशन के दौरान मरीज की सांस, रक्तचाप और नाड़ी समेत जरूरी मानकों पर निगरानी रखी. पीजी छात्रों, अन्य चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने भी उपचार में सहयोग किया.

फिलहाल मुकेश की स्थिति स्थिर बताई गई है और उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.