बिलासपुर में दीपावली के दौरान पटाखों और आतिशबाजी से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ने विशेष चिकित्सा व्यवस्था की है. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है. गंभीर मरीजों के लिए ऑपरेशन थिएटर, ICU, जरूरी दवाइयों, जीवनरक्षक उपकरणों और ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है.

पटाखों से जलने या हाथ, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने पर त्वचा रोग और सर्जरी विभाग इलाज के लिए तैयार रहेंगे. विस्फोट से उंगलियों, हथेलियों या अन्य अंगों में गंभीर चोट आने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने की व्यवस्था की गई है. हाथ-पैर में फ्रैक्चर या हड्डियों और जोड़ों की चोट के मामलों में अस्थि रोग विभाग उपचार करेगा.

आतिशबाजी के दौरान चिंगारी, बारूद या पटाखों के कण आंखों में जाने पर कॉर्निया में चोट, जलन और सूजन हो सकती है. सिम्स के अनुसार, ऐसे मामलों के लिए नेत्र रोग विभाग तैयार रहेगा. डॉक्टरों ने सलाह दी है कि आंख में चोट लगने पर उसे रगड़ें या दबाव न डालें और तत्काल नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करें.

पटाखों के धुएं से सांस लेने में परेशानी, अस्थमा, एलर्जी और खांसी बढ़ सकती है. इन समस्याओं के लिए मेडिसिन विभाग उपचार उपलब्ध कराएगा. तेज आवाज से कान में दर्द, घंटी बजने जैसी आवाज या सुनने में परेशानी होने पर ईएनटी विभाग में इलाज किया जाएगा.

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने लोगों से आतिशबाजी के दौरान अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि दुर्घटना होने पर घरेलू इलाज में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए. चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह के अनुसार, आपातकालीन मरीजों को तुरंत उपचार देना प्राथमिकता है. जरूरत पड़ने पर सिम्स के आपातकालीन विभाग के नंबर 07752-222301 पर संपर्क किया जा सकता है. अस्पताल पहुंचाने के लिए स्टाफ सहित एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी.