बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दीपावली के दौरान 7 से 9 नवंबर तक 1156 मरीजों का इलाज किया गया. अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 69 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 1087 मरीजों का ओपीडी में उपचार हुआ.

तीन दिनों में सड़क हादसों से जुड़े 921 मरीज सिम्स पहुंचे. इनमें 25 मरीजों को भर्ती किया गया और 896 का ओपीडी में इलाज हुआ. मारपीट के 160 मरीजों में 10 को भर्ती करना पड़ा, जबकि 150 मरीजों को ओपीडी में उपचार दिया गया.

पटाखों से झुलसने के 49 मामले सामने आए. इनमें 14 मरीज भर्ती हुए और 35 का ओपीडी में इलाज किया गया. आंखों में संक्रमण या चोट के छह मरीज भी ओपीडी पहुंचे. सांस लेने में तकलीफ के 20 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया.

आपातकालीन व्यवस्था के लिए स्टाफ अलर्ट

दीपावली के दौरान आकस्मिक इलाज के लिए सिम्स प्रबंधन ने डॉक्टरों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा. सिम्स सहित अन्य अस्पतालों में एम्बुलेंस और स्टाफ को शिफ्ट के अनुसार तैयार रखा गया था. विभागाध्यक्षों और यूनिट प्रभारियों को आकस्मिक ड्यूटी रोस्टर स्पष्ट रखने के निर्देश दिए गए थे.

कंसल्टेंट, वरिष्ठ और कनिष्ठ रेजिडेंट, इंटर्न तथा चिकित्सा अधिकारियों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई. सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति के निर्देशन में वार्डों का निरीक्षण हुआ. चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने आपातकालीन व्यवस्था की निगरानी की. आपात स्थिति में सिम्स के आपातकालीन विभाग के फोन नंबर 222301 पर संपर्क किया जा सकता है.