छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल का सुबह औचक निरीक्षण किया. सर्जिकल वार्ड के सामने फर्श उखड़ी मिलने पर उन्होंने प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई और तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए. मरीजों की आवाजाही आसान बनाने के लिए जरूरी स्थानों पर स्लोप तैयार करने को भी कहा गया.
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि भवन के जिन हिस्सों में तत्काल मरम्मत की जरूरत है, वहां काम शुरू करने के लिए केवल सरकारी फंड का इंतजार न किया जाए. उन्होंने स्वशासी समिति से अनुमोदन लेकर जरूरी कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए.
पुराने भवन में मरम्मत की जरूरत
सिम्स की स्थापना वर्ष 2000 में 1956 में निर्मित जिला अस्पताल भवन में की गई थी. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, समय के साथ पुराने भवन में कई जगह सुधार की जरूरत है. बाद में बनाए गए भवनों में भी मरम्मत संबंधी काम लंबित हैं. इन कार्यों के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की जानकारी दी गई.
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कैजुअल्टी, सर्जिकल, लेबर और अन्य वार्डों का जायजा लिया. उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता, जांच और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. एक मरीज ने बताया कि उसे अस्पताल में दवा, इलाज और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं.
मंत्री ने डीन डॉ. रमणेश मूर्ति और अधीक्षक डॉ. लखन सिंह से अस्पताल की व्यवस्थाओं, वार्डों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं पर चर्चा की. निर्देशों के बाद सिम्स प्रबंधन के सामने मरम्मत योग्य हिस्सों में तत्काल काम कराने और मरीजों की आवाजाही सुगम बनाने की जिम्मेदारी है.
