बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में नर्सिंग ऑफिसर एसोसिएशन ने 15 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है. प्रदर्शन अस्पताल की पार्किंग में किया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आंदोलन के कारण रूटीन चेकअप और वार्डों की देखरेख प्रभावित हुई है, जिससे मरीजों और उनके स्वजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
एसोसिएशन का कहना है कि उसकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं और केवल मौखिक आश्वासन से समाधान नहीं होगा. कर्मचारियों ने शासन से ठोस आदेश जारी करने की मांग की है.
प्रमुख मांगों में स्टाफ नर्स का पदनाम बदलकर ‘नर्सिंग ऑफिसर’ और नर्सिंग सिस्टर का पदनाम ‘सीनियर नर्सिंग ऑफिसर’ करना शामिल है. इसके अलावा ग्रेड पे की विसंगतियां दूर करने, नर्सिंग भत्ता बढ़ाकर 7,200 रुपये और ड्रेस भत्ता 1,800 रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी गई है.
एसोसिएशन ने 1,000 नियमित स्टाफ नर्सों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करने, लंबित पदोन्नति और समयमान वेतनमान के आदेश निकालने की भी मांग की है. संविदा कर्मचारियों को नियमित भर्ती में प्राथमिकता, न्यूनतम 40,000 रुपये मासिक वेतन और नर्सिंग प्रशिक्षुओं का स्टाइपेंड 1,500 से बढ़ाकर 15,000 रुपये करने की मांग भी सूची में है.
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अमर ज्योति ने कहा कि सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा. इसके तहत कैंडल मार्च और स्कूटी रैली निकालने की चेतावनी दी गई है.
