बिलासपुर के सीपत थाना क्षेत्र में एनटीपीसी के एक ठेका कर्मी पर लूटपाट के दौरान चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि चार बदमाशों ने उन्हें दो बार घेरा. पहली बार ग्रामीणों के पहुंचने पर वह बच निकले, लेकिन कुछ देर बाद बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर दोबारा रोककर हमला कर दिया. घायल कर्मी को सिम्स में भर्ती कराया गया है.
घायल की पहचान बिहार निवासी 40 वर्षीय इरशाद अली के रूप में हुई है. वह ठेकेदार के अधीन वेल्डर सुपरवाइजर के तौर पर काम करते हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम वह सब्जी और चिकन लेकर जांजी बाजार से अपने घर लौट रहे थे. नहर रोड पर चार युवकों ने उन्हें रोककर पूछताछ की और रुपये व मोबाइल देने को कहा.
इसी दौरान साइकिल से गुजर रहे कुछ लोग वहां पहुंच गए. इरशाद ने उन्हें घटना की जानकारी दी. साइकिल सवारों ने युवकों को रोकने की कोशिश की और इरशाद को जांजी चौक तक साथ लेकर आए. वहां से वे अलग रास्ते पर चले गए, जबकि इरशाद अपने घर की ओर निकल पड़े.
रास्ते में बदमाशों ने उन्हें फिर रोक लिया और मोबाइल व रुपये मांगे. विरोध करने पर एक युवक ने पीछे से चाकू मार दिया. चाकू उनकी पीठ में धंस गया. घायल हालत में वह पास की किराना दुकान तक पहुंचे. दुकान संचालक ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर किया गया. पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है.
