बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में लिफ्ट देने वाले एक युवक से मारपीट और चांदी की चेन छीनने की कोशिश का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने निखिल पुरी, तुसार जाल और विशाल गजभिए को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, तीनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, नगपुरा निवासी राघवेंद्र यादव व्यापार विहार में शेयर मार्केट का काम करता है. रात करीब 8:30 बजे वह सिरगिट्टी से व्यापार विहार जा रहा था. इसी दौरान एक परिचित ने उससे बाइक पर लिफ्ट मांगी. राघवेंद्र ने उसे सिरगिट्टी स्थित देसी शराब की दुकान के पास उतार दिया.
शिकायत के मुताबिक, वहां परिचित के साथ दो अन्य युवक भी पहुंच गए. तीनों ने राघवेंद्र से शराब पीने के लिए पैसे मांगे. पैसे देने से इनकार करने पर उन्होंने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने का भी आरोप है.
राघवेंद्र ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में से एक ने उसके गले से चांदी की चेन छीनने की कोशिश की. चेन लेने के प्रयास में उसे करीब डेढ़ मीटर तक घसीटे जाने का आरोप है. वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए. शिकायत मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया.
