छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मैट्रिक्स चौक के पास रविवार रात दो गुटों के बीच विवाद में एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान ओम दिवाकर के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.

मिली जानकारी के अनुसार, ओम दिवाकर अपने साथियों के साथ घर के पास खड़ा था. इसी दौरान सुनील निर्मलकर अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा. दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई.

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान ओम पर चाकू से हमला किया गया. वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद हमलावर वहां से भाग गए. ओम के साथियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची.

फोरेंसिक जांच के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

घटनास्थल फदहाखार जंगल के पास बताया गया है. रात में अंधेरा होने के कारण फोरेंसिक जांच नहीं हो सकी. पुलिस ने साक्ष्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए शव को रातभर घटनास्थल पर ही रखा. सोमवार सुबह फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने जांच की, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया.

पुलिस के अनुसार, मृतक ओम दिवाकर और आरोपी सुनील निर्मलकर के खिलाफ पहले भी मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज रहे हैं. दोनों कुछ समय पहले हथियार लेकर घूमते पकड़े गए थे और जमानत पर बाहर आए थे. पुलिस अब विवाद की पूरी वजह और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.