बिलासपुर में जिला न्यायालय परिसर से चोरी हुई एक अधिवक्ता की बाइक करीब दो महीने बाद शहर में चलती मिली. बाइक के मालिक के मोबाइल पर लगातार ई-चालान के संदेश आने के बाद मामले का पता चला. ITMS कैमरे में बाइक चलाने वाले संदिग्ध की तस्वीर भी कैद हुई है.

सरकंडा के इमलीभाठा निवासी अधिवक्ता भुनेश्वर महंत के अनुसार, वे 14 जुलाई को अपनी मोटरसाइकिल लेकर जिला न्यायालय परिसर पहुंचे थे. उन्होंने बाइक जिला न्यायालय गार्डन के पास खड़ी की और अपने वरिष्ठ के चैंबर में चले गए. शाम करीब छह बजे लौटने पर बाइक वहां नहीं मिली.

महंत ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर बाइक की तलाश शुरू की थी. अब उनके मोबाइल पर बाइक को लापरवाही से चलाने और सिग्नल तोड़ने से जुड़े चालानों के संदेश आए. चालान की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस और अपने वरिष्ठ को इसकी सूचना दी.

अधिवक्ता ने ITMS कैमरे में कैद तस्वीर भी पुलिस को सौंप दी है. उन्होंने यातायात पुलिस को बाइक चोरी की जानकारी देते हुए चालानों के बारे में बताया. सिविल लाइन पुलिस और यातायात पुलिस संदिग्ध की तलाश कर रही हैं. पुलिस टीम ने तस्वीर अलग-अलग थानों को भी भेजी है.