बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय स्कूली छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, मर्ग जांच के दौरान युवक पर छात्रा को स्कूल आते-जाते पीछा करने, मोबाइल पर संपर्क बनाए रखने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप सामने आए.
पुलिस ने आरोपी की पहचान पीनू उर्फ वरुण गंधर्व के रूप में की है. आरोप है कि वह परिजनों की गैरमौजूदगी में छात्रा के घर में घुसकर उसे डराता-धमकाता था. इन आरोपों की जांच अभी जारी है और इन्हें अदालत में साबित किया जाना बाकी है.
CDR और बयानों के आधार पर कार्रवाई
थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के अनुसार, छात्रा ने 20 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी. सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. इस दौरान छात्रा के संपर्क में रहने वाले लोगों और उसके स्वजन से पूछताछ की गई.
पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक के मोबाइल फोन का CDR खंगाला. जांच में छात्रा और युवक के बीच बातचीत की जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के साथ इन तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया.
कोटा पुलिस ने BNS की धारा 107 तथा POCSO Act की धाराओं 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है.
