बिलासपुर जिले में शक्कर की जमाखोरी रोकने और बाजार में उपलब्धता बनाए रखने के लिए कारोबारियों के स्टॉक की सीमा तय की गई है. नए निर्देशों के तहत कोई भी व्यापारी एक समय में 1,000 क्विंटल से अधिक शक्कर का भंडारण नहीं कर सकेगा. किसी स्टॉक को 15 दिन से ज्यादा रखने की अनुमति भी नहीं होगी.
यह व्यवस्था केंद्र सरकार के संशोधित आदेश के बाद लागू की जा रही है. खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
हर शुक्रवार पोर्टल पर देनी होगी जानकारी
शक्कर के डीलर, ट्रेडर, थोक विक्रेता और मिलरों को सरकार के स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा. संबंधित कारोबारियों को हर शुक्रवार अपने स्टॉक की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी अनिवार्य होगी. विभाग इसी जानकारी के आधार पर बाजार में उपलब्धता और संभावित अवैध भंडारण की निगरानी करेगा.
खाद्य संचालनालय ने कलेक्टरों से जिले के शक्कर व्यापारियों की बैठक लेकर उन्हें स्टॉक सीमा और अन्य नियमों की जानकारी देने को कहा है. राजस्व और खाद्य विभाग के अधिकारियों को व्यापारिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
बिलासपुर में 15 पंजीकृत स्टॉकिस्ट
बिलासपुर जिले में शक्कर के 15 स्टॉकिस्ट पंजीकृत हैं. इन सभी को निर्धारित सीमा के भीतर स्टॉक रखना होगा और हर सप्ताह इसकी जानकारी देनी होगी. खाद्य विभाग मौके पर मौजूद स्टॉक का मिलान पोर्टल पर दर्ज विवरण से करेगा.
निर्धारित सीमा से अधिक शक्कर मिलने या स्टॉक की जानकारी पोर्टल पर दर्ज नहीं करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत कार्रवाई की जा सकती है. जिला खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि पंजीकृत स्टॉकिस्टों को अधिकतम 1,000 क्विंटल स्टॉक और साप्ताहिक विवरण संबंधी निर्देशों का पालन करना होगा.
