बिलासपुर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा पुरस्कार मिला है. इस उपलब्धि के बाद नगर निगम ने केंद्र सरकार की नई स्वच्छता पहल ‘प्रगति 50’ की तैयारी शुरू कर दी है. निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है.
बुधवार को कमिश्नर ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक लेकर शहर में चल रहे सफाई कार्यों की समीक्षा की. बैठक में अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, एचओ एवं जोन कमिश्नर प्रवेश कश्यप, सभी जोन के सेनेटरी इंस्पेक्टर, वार्ड सुपरवाइजर और स्वास्थ्य-सफाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए.
बैठक में गैरहाजिर कर्मचारियों को लेकर कमिश्नर ने नाराजगी जताई और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. ‘प्रगति 50’ की तैयारियों की समीक्षा के लिए हर 15 दिन में बैठक आयोजित करने को कहा गया है. अधिकारियों को सफाई से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश भी दिए गए.
कचरा संग्रहण और निगरानी पर जोर
कमिश्नर ने कहा कि शहर की सड़कों, सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, मोहल्लों और गलियों में गंदगी या कचरे का ढेर नजर नहीं आना चाहिए. सफाई ठेका एजेंसी लायन सर्विसेज को तय समय-सारणी के अनुसार मुख्य सड़कों, मोहल्लों और गलियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं. कर्मचारियों की पूरी उपस्थिति और हर क्षेत्र में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा गया है.
डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के तहत हर घर से नियमित कचरा उठाने और जनजागरूकता गतिविधियां चलाने के निर्देश दिए गए. निगम उन लोगों को जागरूक करेगा जो घर से कचरा लेने पहुंचने वाले वाहनों को कचरा नहीं देते. सहयोग नहीं करने वाले अपार्टमेंट और कॉलोनियों पर नियम के अनुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री या मलबा फेंकने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं. कमिश्नर ने बिलासपुर को स्वच्छता के मामले में देश में पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य बताया और सफाई व्यवस्था की कमियों को जल्द दूर करने पर जोर दिया.
