बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में चल रहे स्वदेशी मेले में 18 राज्यों के देसी उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं. मेले में स्थानीय और दूसरे राज्यों से आए उत्पादों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं. आयोजकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को मेले में आने का न्योता दिया है. मेले का समापन गुरुवार को होगा.
47 संस्थाओं के कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां
रविवार को मेले में रंग भरो और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज और डांस एकेडमी से जुड़ी शहर की 47 संस्थाओं के 850 से अधिक कलाकारों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. मंच पर लोकनृत्य, पारंपरिक कला और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं. अलग-अलग समूहों में चार से 42 प्रतिभागियों ने प्रस्तुति दी.
कार्यक्रम के लिए रुक्मणी दास और मंजरी शास्त्री निर्णायक थीं. सांस्कृतिक प्रभारी अभिजीत मित्रा, तुषार पारे, कुणाल शर्मा और प्रतीक्षा लाकनकर भी मौजूद रहे.
विधायक ने स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल की अपील की
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने लोगों से देश में बने सामान का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पाद अपनाने से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा.
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और स्वदेशी सामान अपनाकर लोग इसमें योगदान दे सकते हैं. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीएमडी कॉलेज के चेयरमैन संजय दुबे ने कहा कि शहर और प्रदेश में बने सामान खरीदने से स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों को लाभ मिलेगा तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.
मेले के तहत व्यंजन प्रतियोगिता और ‘वॉयस ऑफ बिलासपुर’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया. इनके निर्णायकों में स्वाति तिवारी, माधवी श्रीरंगम, शहनूल सिंह, अरुण गायकवाड़, घनश्याम यादव, राजू यादव, श्वेता शर्मा, अरुणा दीक्षित और नेहा श्रीवास्तव शामिल रहे.
