बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में स्वदेशी मेले की शुरुआत हो गई है. मेले में देश के करीब 18 राज्यों के हस्तशिल्प, कुटीर उद्योग, घरेलू उद्योग और पारंपरिक स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं. पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के बावजूद मेले में लोगों की आवाजाही और खरीदारी जारी रही.
मेले का उद्घाटन बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने किया. उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और कारीगरों के लिए बाजार उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण मंच है. उनके मुताबिक, फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यापारियों को भी बिना अतिरिक्त विज्ञापन खर्च के अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर मिलता है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय विचार विभाग प्रमुख दीपक शर्मा ने की. उन्होंने उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार सृजन से जोड़ने पर जोर दिया. कार्यक्रम में प्रांत संयोजक जगदीश पटेल, युगबोध अग्रवाल और उद्योगपति प्रवीण झा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे.
मेले में बिक्री और सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार, मेले में स्थानीय व्यापारियों, महिला उद्यमियों और कारीगरों को उत्पाद बेचने का अवसर दिया गया है. फूड जोन में विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं. अगले छह दिनों तक लोककला, संगीत, नृत्य और बस्तर की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी.
मेला 26 नवंबर तक रोजाना दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा. इसमें प्रवेश निःशुल्क है. मेहंदी, रंगोली, व्यंजन, आरती थाली सजाओ, एकल एवं समूह नृत्य, चित्रकला, जसगीत, वॉइस ऑफ बस्तर, शिशु वेशभूषा और कबाड़ का जुगाड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं.
