बिलासपुर हाईकोर्ट ने मनचाही जगह पर पोस्टिंग दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपी शिक्षक योगेश पांडेय की याचिका खारिज कर दी है. जस्टिस एनके व्यास की पीठ ने विशेष न्यायाधीश, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, बिलासपुर के 15 जुलाई 2022 के उस आदेश को बरकरार रखा, जिसमें योगेश के खिलाफ आरोप तय किए गए थे.
हाईकोर्ट ने माना कि जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रथमदृष्टया मामला बनता है. अदालत ने यह भी कहा कि एफआईआर में नाम नहीं होना आरोप तय करने में बाधा नहीं है. उपलब्ध साक्ष्यों की अंतिम विश्वसनीयता ट्रायल के दौरान तय होगी.
दो अभ्यर्थियों से रकम लेने का आरोप
मामले की शिकायत सक्ती जिले के जैजैपुर क्षेत्र के ग्राम सोंठी निवासी शिक्षक भूपेंद्र साहू ने 4 फरवरी 2022 को सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, उनकी पत्नी ललिता साहू का 2019 की शिक्षक भर्ती परीक्षा में चयन हुआ था. आरोप है कि बीईओ कार्यालय में पदस्थ नंदकुमार साहू ने मनचाही पोस्टिंग के लिए 52 हजार रुपये नकद और 33 हजार रुपये इंटरनेट बैंकिंग के जरिए लिए.
जांच में नंदकुमार ने कथित तौर पर बताया कि योगेश पांडेय ने संयुक्त संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यालय में पहचान होने का दावा किया था. आरोप के अनुसार, योगेश ने अभ्यर्थियों की सूची और मोबाइल नंबर देकर प्रत्येक से 85 हजार रुपये मांगने को कहा था, जिसमें 5 हजार रुपये कमीशन शामिल थे.
जांच में दूसरी अभ्यर्थी सीता साहू के पति दुर्गेश साहू से 65 हजार रुपये नकद और 15 हजार रुपये Google Pay के जरिए लेने की बात भी सामने आई. नंदकुमार के बयान के अनुसार, दोनों मामलों से मिली रकम में से एक लाख रुपये योगेश को दिए गए और 65 हजार रुपये उसके पास रहे. योगेश के बयान में भी एक लाख रुपये मिलने की बात दर्ज है. उसके मुताबिक, 82 हजार रुपये खर्च हो चुके थे और 18 हजार रुपये पुलिस ने जब्त किए.
बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि एफआईआर में योगेश का नाम नहीं था और उसके खिलाफ रिश्वत मांगने या लेने का प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं है. राज्य सरकार ने जांच में दर्ज गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों का हवाला दिया. हाईकोर्ट ने इन दलीलों पर अंतिम निष्कर्ष दिए बिना आरोप तय करने की कार्यवाही जारी रखने की अनुमति दी है.
