बिलासपुर में शिक्षक भर्ती और CGPSC-2025 की प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया. अभ्यर्थियों ने काले झंडे लेकर गांधी चौक से नेहरू चौक तक करीब 3 किलोमीटर रैली निकाली. करीब दो घंटे चले मार्च के दौरान उन्होंने आरक्षण विवाद का जल्द समाधान करने और परीक्षा-भर्ती प्रक्रिया पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
रैली के दौरान अभ्यर्थी लाउडस्पीकर पर नारे लगाते रहे. कई बार वे सड़क पर बैठकर विरोध जताते और तालियां बजाते नजर आए. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राएं भी शामिल हुईं. कुछ अभ्यर्थियों ने वॉलंटियर के रूप में वाहनों की आवाजाही के लिए रास्ता बनाने में मदद की. प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस्तीफे की मांग भी उठाई.
आरक्षण विवाद और परीक्षा पर रोक का मुद्दा
अभ्यर्थियों का कहना है कि सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती में आरक्षण को लेकर चल रहे विवाद के कारण प्रक्रिया में अनिश्चितता बनी हुई है. उनके मुताबिक, हाईकोर्ट के आदेश के बाद परीक्षा पर रोक लगने से लंबे समय से तैयारी कर रहे युवाओं की चिंता बढ़ी है. उन्होंने विवाद सुलझाकर भर्ती प्रक्रिया दोबारा शुरू करने और परीक्षा व नियुक्ति की आगे की कार्रवाई की जानकारी देने की मांग की.
प्रदर्शन में CGPSC-2025 के अभ्यर्थियों ने भी हिस्सा लिया. उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और तय समय पर परीक्षा कराने की मांग रखी. अभ्यर्थियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से युवाओं पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है.
रैली में ट्राइसिकल से पहुंचे बच्चन साहू भी शामिल हुए. उन्होंने बताया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा में कई साल बाद संस्कृत विषय शामिल हुआ था, जिससे उन्हें नौकरी की उम्मीद थी. परीक्षा रुकने से वे निराश हैं.
इससे पहले रविवार रात गांधी चौक पर अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च भी निकाला था. उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी और देरी का आरोप लगाते हुए नई तारीख घोषित करने की मांग की थी.
