छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र के खुद के अपहरण की साजिश रचने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, छात्र कार खरीदने की मांग पूरी नहीं होने से नाराज था. उसने अपने पिता के मोबाइल पर अपहरण का संदेश भेजकर डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगी थी.

पुलिस के मुताबिक, छात्र मंगलवार सुबह ट्यूशन जाने के नाम पर घर से निकला था. करीब डेढ़ घंटे बाद उसके पिता के मोबाइल पर फिरौती का संदेश आया. इससे घबराए माता-पिता रतनपुर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू की. इसी दौरान उसकी स्कूटी चोरहा देवरी गांव में तालाब के पास मिली. बाद में छात्र ने खुद ही पिता को संदेश भेजकर बताया कि वह ग्राम सेलर में एक रिश्तेदार के घर सुरक्षित है.

पुलिस टीम ने करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद छात्र को बरामद कर लिया. इसके बाद थाने में माता-पिता की मौजूदगी में उससे पूछताछ की गई. रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार, छात्र की मां सरकारी शिक्षक हैं, जबकि पिता निजी स्कूल में पढ़ाते हैं.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह ने बताया कि छात्र पढ़ाई में होशियार है और उसने कार खरीदने की जिद की थी. परिवार के मना करने के बाद वह उन्हें परेशान करने की योजना बना रहा था. पुलिस के अनुसार, छात्र ने एक रील देखने के बाद खुद गायब होने का फैसला किया और परिजनों को संदेश भेजे. बरामदगी के बाद उसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया.