बिलासपुर जिले में दिनदहाड़े हुई चोरी की 10 वारदातों का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. कोटा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी कृषि अधिकारी बनकर गांवों में सर्वे के बहाने घूमते और सूने मकानों को निशाना बनाते थे.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद, गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के, एक बाइक, क्रेटा कार और बुलेट समेत करीब 20 लाख रुपये का सामान जब्त किया है. पुलिस का कहना है कि कार और बुलेट चोरी की रकम से खरीदी गई थीं.

पुलिस के अनुसार ऐसे करते थे रेकी

एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के मुताबिक, आरोपी सामान्य लोगों की तरह ग्रामीण इलाकों में घूमते थे, ताकि किसी को शक न हो. खेती-किसानी के काम से ग्रामीणों के घरों से बाहर रहने के समय वे ताले लगे मकानों की पहचान करते थे. इसके बाद ताला तोड़कर पेटी और अलमारी में रखे जेवर व नकदी लेकर फरार हो जाते थे.

पुलिस के अनुसार, आरोपी चेहरा ढककर और हेलमेट पहनकर वारदात करते थे, ताकि सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान न हो सके. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी भूमिका सामने आने की बात कही है.

तीनों आरोपियों की पहचान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र स्थित डिपरापारा निवासी विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19) के रूप में बताई है. पुलिस के मुताबिक, विनोद गिरोह का कथित मास्टरमाइंड है और उसने सामान्य कारोबारी की छवि बनाए रखने के लिए जूते की दुकान खोल रखी थी.

भूपेंद्र सिंह राठौर पोस्ट-ग्रेजुएट है और पहले स्कूल प्रिंसिपल रह चुका है. पुलिस के अनुसार, नौकरी से निकाले जाने के बाद वह कथित तौर पर चोरी की वारदातों में शामिल हुआ. तीसरे आरोपी राज प्रजापति पर भी गिरोह के साथ वारदातों में शामिल होने का आरोप है.

बिलासपुर और कोरबा में वारदातों का दावा

पुलिस के अनुसार, नौ मामले बिलासपुर जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा, पचपेड़ी और बेलगहना चौकी क्षेत्र से जुड़े हैं. एक मामला कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र का बताया गया है. पुलिस ने यह भी कहा कि तीनों आरोपी पहले जांजगीर जिले में दिनदहाड़े चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और वर्ष 2022-23 में उनके खिलाफ 19 प्रकरण दर्ज थे. मामले में आगे की जांच जारी है.