छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की तीन घटनाएं सामने आई हैं. सकरी में चोरों ने कंपोजिट शराब दुकान की दीवार तोड़कर शराब और नकदी चुरा ली, जबकि सरकंडा और सिरगिट्टी में सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान ले गए. पुलिस ने तीनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पहली घटना सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी की है. 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात चोर दुकान के पीछे की दीवार में सेंध बनाकर अंदर घुसे. सुपरवाइजर सुजीत चतुर्वेदी के अनुसार, चोर एक पेटी प्लेन शराब, जिसमें 48 पाव थे, एट पीएम ब्लैक की चार बोतलें और ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, मेड ऑफ प्रीमियम व व्हाइट एंड ब्लू की एक-एक बोतल ले गए. गल्ले में रखे 4,360 रुपये भी चोरी हुए.

सरकंडा थाना क्षेत्र की बालाजीपुरम कॉलोनी में व्यापारी के भाई का सूना मकान निशाना बना. परिवार के पुणे जाने के दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा. पुलिस के मुताबिक, घर से सोने के 11 मोतीदाने, चांदी की चार जोड़ी पायल, सात जोड़ी बिछिया, चार सिक्के, तीन मूर्तियां, कैमरा, हेयर ड्रायर और नकदी समेत करीब 70 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ.

तीसरी वारदात सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर में हुई. नगर निगमकर्मी पुष्कर सोनी परिवार के साथ 18 अक्टूबर की रात दुर्गा देखने गए थे. लौटने पर उन्होंने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया. अलमारी का लॉकर टूटा मिला और सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, लॉकेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, नकदी व तीन मोबाइल फोन समेत करीब 1.20 लाख रुपये का सामान गायब था.