बिलासपुर रेल मंडल के करगीरोड आरक्षण केंद्र में आरक्षित टिकटों की कथित दलाली के मामले में आरपीएफ ने मुख्य वाणिज्य लिपिक चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. आरपीएफ के अनुसार, वह बिना आरक्षण मांग पत्र के टिकट बनाकर जैतहरी निवासी वीरेंद्र केंवट नाम के व्यक्ति को देता था और इसके बदले प्रति यात्री 200 से 300 रुपये कमीशन लेता था.

आरपीएफ ने मुखबिर की सूचना पर आरक्षण केंद्र में दबिश दी. कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास बिना आरक्षण मांग पत्र के बनाया गया एक काउंटर टिकट मिला. जांच में उसके मोबाइल फोन से टिकट बनाने और सौंपने से संबंधित व्हाट्सऐप संदेश भी मिले.

15 टिकट और मोबाइल जब्त

जांच के दौरान एक काउंटर टिकट समेत कुल 15 टिकटों से संबंधित रिकॉर्ड सामने आया. बरामद काउंटर टिकट का पीएनआर 2164155098 और मूल्य 1,470 रुपये बताया गया है. मोबाइल में व्हाट्सऐप के जरिए मिले 14 टिकटों में तीन पुराने टिकटों की कीमत 9,280 रुपये और भविष्य की यात्रा के लिए आरक्षित 11 टिकटों की कीमत 65,470 रुपये थी. इन 14 टिकटों का कुल मूल्य 74,720 रुपये बताया गया है.

आरपीएफ ने मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप चैट की 14 पेज की प्रिंट कॉपी भी जब्त की है. कार्रवाई के बाद आरोपी को जब्त सामग्री और दस्तावेजों के साथ उसलापुर आरपीएफ पोस्ट को सौंप दिया गया. वहां रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

आरपीएफ के मुताबिक, दबिश के समय आरोपी एलटीटी से गोरखपुर के लिए आरक्षित टिकट बनाने में जुटा था. मोबाइल चैट और टिकटों के आधार पर कथित नेटवर्क की आगे जांच की जा रही है.