बिलासपुर के तिलक नगर में विस्थापित परिवारों ने पुनर्वास की मांग को लेकर नगर विधायक अमर अग्रवाल से मुलाकात की और उन्हें घेरकर अपनी समस्याएं रखीं. विधायक श्रीराम मंदिर में रघुनंदन सभागृह के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे. इसी दौरान प्रभावित परिवारों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं, ने उनसे तिलक नगर में ही बसाने की मांग की.

परिवारों के अनुसार, तिलक नगर स्थित श्रीराम मंदिर के पीछे नदी किनारे रहने वाले करीब 300 परिवारों को लगभग छह साल पहले कोरोना काल के दौरान भारी बारिश के बीच वहां से हटाया गया था. उस समय उन्हें उसी क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाकर देने का आश्वासन दिया गया था. प्रभावितों का कहना है कि इतने वर्षों बाद भी पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है.

टेंडर और फंड के आश्वासन पर उठाए सवाल

विस्थापित परिवारों ने बताया कि वे करीब एक सप्ताह पहले भी विधायक से मिल चुके हैं. उस समय अधिकारियों से चर्चा कर दो दिनों के भीतर जवाब देने की बात कही गई थी, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिली. परिवारों का कहना है कि हर बार टेंडर प्रक्रिया और फंड उपलब्ध होने का हवाला दिया जाता है, जबकि जमीन चयन और मकानों के नक्शे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

रहवासियों ने सवाल उठाया कि जमीन तय किए बिना और ड्राइंग-डिजाइन तैयार किए बिना मकानों का निर्माण कैसे शुरू होगा. उन्होंने कहा कि वे अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पुनर्वास की समयसीमा और ठोस कार्रवाई की जानकारी चाहते हैं.

स्थानीय निवासी अंकुश ठाकुर ने उपलब्ध कराए गए आवासों की स्थिति पर भी सवाल उठाया. उनके अनुसार, कई मकान जर्जर हैं और बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या रहती है. उन्होंने क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर भी बच्चों के भविष्य पर चिंता जताई.

स्थानीय निवासी अनिता यादव ने कहा कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार संबंधित स्थल पर तंबू लगाकर धरना शुरू करेंगे. उन्होंने जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक बनाने की चेतावनी दी.