बिलासपुर में यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर और हाईवे क्षेत्र को चार जोन और 15 बीट में बांटा है. नई व्यवस्था में प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी निरीक्षक स्तर के अधिकारी को दी जाएगी. उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक बीट प्रभारी के रूप में सहयोग करेंगे. प्रधान आरक्षक और आरक्षक पॉइंट ड्यूटी, डायवर्सन और पैदल गश्त संभालेंगे.
एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) ऋचा मिश्रा के अनुसार, व्यवस्था का उद्देश्य वीआईपी और हाईकोर्ट मार्ग समेत प्रमुख सड़कों पर आवागमन सुगम बनाना है. पीक आवर्स में जोन और बीट प्रभारी अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त करेंगे और अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेंगे. नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर नोटिस चस्पा करने के साथ व्हील लॉक लगाया जाएगा. GPS कैमरों से वाहनों की तस्वीर लेकर कार्यालय के माध्यम से ई-चालान जारी किए जाएंगे.
चार जोन में शामिल क्षेत्र
सरकंडा जोन में कोनी से महामाया चौक, नूतन चौक, अशोक नगर, खमतराई, बहतराई, बसंत विहार, छठ घाट और मोपका तक का क्षेत्र शामिल है. सकरी से कर्रा लिम्हा टोल प्लाजा तक का हिस्सा हाईवे पेट्रोलिंग-02 में रहेगा.
तिफरा जोन में राजीव गांधी चौक, तिफरा हाईटेक बस स्टैंड, ट्रांसपोर्ट नगर परसदा, हाईकोर्ट आवासीय परिसर और पेंड्रीडीह शामिल हैं. पेंड्रीडीह बायपास से भोजपुरी टोल प्लाजा और सकरी बायपास तक हाईवे पेट्रोलिंग-01 रहेगी.
कोतवाली और लिंक रोड जोन में गोल बाजार, तेलीपारा, गांधी चौक, लिंक रोड, व्यापार विहार, रेलवे क्षेत्र और मस्तूरी रोड सहित कई प्रमुख इलाके होंगे. मंगला-सकरी जोन में नेहरू चौक, इंदिरा सेतु, रिवर व्यू, मुंगेली नाका, जरहाभाठा, मंगला, गौरव पथ और उसलापुर क्षेत्र शामिल हैं. पुलिस ने दोपहिया चालकों से हेलमेट और कार सवारों से सीट बेल्ट लगाने तथा निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील की है.
