त्योहारी सीजन में घर लौट रहे यात्रियों की परेशानी ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से बढ़ गई है. बिलासपुर स्टेशन पर गीतांजलि एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं. यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है और उनके त्योहार से जुड़े कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुंबई-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस करीब 14 घंटे देर से चल रही थी. अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 16 घंटे 31 मिनट और हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस 14 घंटे विलंबित रही. पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस 11 घंटे 40 मिनट और कामाख्या-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 10 घंटे देर से चल रही थी.
इसके अलावा दरभंगा-हैदराबाद एक्सप्रेस पांच घंटे, एर्नाकुलम एक्सप्रेस चार घंटे, पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस पांच घंटे 31 मिनट और साउथ बिहार एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से बिलासपुर पहुंची. मुंबई-हावड़ा मेल करीब दो घंटे और भुवनेश्वर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट पांच घंटे विलंबित रही.
बिलासपुर जोन की ट्रेनें भी प्रभावित
देरी का असर बिलासपुर जोन के भीतर चलने वाली ट्रेनों पर भी दिखा. गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी करीब एक घंटे, रायगढ़-बिलासपुर मेमू चार घंटे और कटनी-बिलासपुर मेमू दो घंटे 30 मिनट देर से जोनल स्टेशन पहुंची.
यात्रियों के मुताबिक, त्योहार के दौरान ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के बावजूद परिचालन समय पर रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिख रही है. बुजुर्गों, बच्चों और परिवारों के साथ यात्रा कर रहे लोगों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है. कई यात्री ट्रेन के पहुंचने और गंतव्य तक पहुंचने के समय को लेकर असमंजस में हैं.
