बिलासपुर में 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवाओं की मौत हो गई. पहला हादसा कोनी थाना क्षेत्र के सेंदरी ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे हुआ. दूसरा हादसा शुक्रवार को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के सिलपहरी के पास एनएच-49 पर हुआ.
सेंदरी ओवरब्रिज पर पिकअप हाइवा से टकराई
रायपुर से दवाइयां और पार्सल लेकर अंबिकापुर जा रही पिकअप सड़क पर खड़े हाइवा से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बिहार के सिवान निवासी पिकअप चालक रवि पुरी (22) की मौके पर ही मौत हो गई.
कंपनी के सुपरवाइजर हरविंदर सिंह सलूजा के अनुसार, हाइवा की बैकलाइट बंद थी और वाहन पर कोई संकेतक नहीं लगा था. उनका कहना है कि अंधेरे के कारण पिकअप चालक को हाइवा दिखाई नहीं दिया. कोनी पुलिस ने हाइवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. चालक हादसे के बाद से फरार बताया गया है.
सिलपहरी में बाइक को पिकअप ने मारी टक्कर
सिलपहरी के पास फोटोग्राफर योगेंद्र कौशिक (28) अपने दोस्त समीर कौशिक के साथ मस्तूरी से काम निपटाकर बाइक से गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी. सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाते समय योगेंद्र की मौत हो गई. बाइक चला रहे समीर को चोट नहीं लगी. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.
