छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में दो साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक विवाद के बीच बच्ची को जलते लकड़ी के चूल्हे में बैठा दिया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई थी. मामले में बच्ची के चाचा नितिन कुमार लोनिया को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, नितिन घुटकू गांव का रहने वाला है. बच्ची अपनी मां अंकिता और पिता के साथ रहती थी. रिपोर्ट के मुताबिक, 26 अगस्त को अंकिता बच्ची को लेकर नितिन के साथ घर से चली गई थी. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की थी.
पुलिस का कहना है कि नितिन, अंकिता और बच्ची 7 सितंबर को घुटकू लौटे थे. इसके अगले दिन नितिन का अपने बड़े भाई और बाद में भाभी के साथ विवाद हुआ. मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. इसी दौरान बच्ची के चूल्हे से झुलसने की जानकारी सामने आई.
गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था. बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
गुमशुदगी से हत्या के मामले तक जांच
बच्ची और उसकी मां के घर से चले जाने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी. पुलिस ने पहले गुमशुदगी और बाद में अपहरण के मामले में तलाश शुरू की थी. दोनों के लौटने के बाद हुए विवाद में बच्ची के झुलसने की घटना सामने आई.
बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच आगे बढ़ाई और हत्या का मामला दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर लिया है. घटना और विवाद की परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है.
