बिलासपुर स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि और दीक्षा समारोह के खर्च के विरोध में एनएसयूआई ने बुधवार को प्रदर्शन किया. छात्र नेता हाथों में कटोरा लेकर विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे और सांकेतिक रूप से भीख मांगी. प्रदर्शनकारियों की योजना प्रबंधन को ‘बेशरम का फूल’ सौंपने की थी, लेकिन पुलिस ने विश्वविद्यालय के गेट पर ही फूल अपने कब्जे में ले लिया.
प्रदर्शन एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष रंजेश सिंह के नेतृत्व में हुआ. इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. रंजेश सिंह ने आरोप लगाया कि फीस में बड़ी बढ़ोतरी से गरीब और मध्यमवर्गीय विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है. उन्होंने दीक्षा समारोह पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात कहते हुए छात्र समस्याओं के समाधान में ठोस पहल नहीं होने का आरोप लगाया.
एनएसयूआई ने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई फीस की तत्काल समीक्षा और विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की. संगठन ने दीक्षा समारोह के खर्च और ऑडिटोरियम निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने, स्थानीय पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती में उचित अवसर देने तथा लंबित फीस रिफंड की राशि विद्यार्थियों के खातों में लौटाने की मांग भी रखी.
कुलपति ने जांच का आश्वासन दिया
प्रदर्शन के बाद कुलपति प्रो. वीरेंद्र सारस्वत ने छात्र प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों को सुना. उन्होंने वित्तीय मामलों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और अन्य शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया. कुलपति ने आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की दिशा में पहल का भरोसा भी दिलाया.
प्रदर्शन में पुष्पराज साहू, करन यादव, प्रदीप सिंह, भारती ओगरे, चंचल महमंत, राजा खान और राघवेंद्र दुबे समेत अन्य कार्यकर्ता, पदाधिकारी और छात्र शामिल हुए.
