बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित होटल ग्रैंड गुलमोहर से पनीर टिक्का बिरयानी मंगाने वाले एक शाकाहारी परिवार को कथित तौर पर चिकन बिरयानी भेजे जाने का मामला सामने आया है. परिवार ने होटल प्रबंधन के खिलाफ कलेक्टर, खाद्य सुरक्षा प्रशासन और उपभोक्ता फोरम में शिकायत करने की तैयारी की है.
परिवार की सदस्य प्रज्ञा बैसवाडे ने शनिवार दोपहर 2:48 बजे जोमैटो के जरिए 445 रुपये में पनीर टिक्का बिरयानी का ऑर्डर किया था. परिवार के मुताबिक, भोजन करते समय चावल में चिकन के टुकड़े मिले. प्रज्ञा के पिता प्रफुल्ल बैसवाडे का कहना है कि उनका परिवार शुद्ध शाकाहारी है और इस घटना से उनकी बेटी को मानसिक आघात पहुंचा. परिवार का दावा है कि घटना के बाद बेटी ने खाना-पीना छोड़ दिया.
परिवार के अनुसार, शिकायत के बाद होटल ने गलती स्वीकार कर माफी मांगी, लेकिन दोबारा शाकाहारी बिरयानी भेजने के लिए 100 रुपये अतिरिक्त लिए गए. परिवार ने बिल, ऑर्डर और भोजन से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित रखने की बात कही है. उसने होटल की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की तैयारी व पैकिंग की अलग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं.
होटल के मैनेजर धर्मेंद्र पाटले ने बताया कि उस समय चिकन टिक्का बिरयानी का भी ऑर्डर था और डिलीवरी कर्मचारी ने गलती से चिकन वाला पार्सल दे दिया. उनके मुताबिक, गलती का पता चलने पर माफी मांगकर पनीर टिक्का बिरयानी भेजी गई.
