बिलासपुर जिले में विधायक और प्रभारी मंत्री निधि से स्वीकृत विकास कार्यों में से करीब आधे ही पूरे हो सके हैं. जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग की वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट के मुताबिक, छह विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 21.38 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ था. इसमें से अब तक 12.68 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, इन निधियों से 284 विकास कार्य स्वीकृत किए गए. इनमें 151 कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 122 कार्य प्रगतिरत हैं और 11 कार्य शुरू नहीं हुए हैं. इस तरह कुल 133 कार्य अभी अधूरे हैं.

विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति

मस्तूरी में 46 में से 34 कार्य पूरे हुए हैं. यहां 12 कार्य प्रगतिरत हैं और कोई काम अप्रारंभ नहीं है. कोटा में 64 में से 40 कार्य पूरे हुए, जबकि 24 प्रगतिरत हैं. बेलतरा में 34 में से 28 कार्य पूरे और छह प्रगतिरत हैं. इन दोनों क्षेत्रों में भी कोई काम शुरू होने से बाकी नहीं है.

तखतपुर में 28 स्वीकृत कार्यों में 12 पूरे हुए और 16 प्रगतिरत हैं. बिल्हा में 17 में से छह कार्य पूरे हुए, नौ प्रगतिरत हैं और दो शुरू नहीं हुए. बिलासपुर शहर विधानसभा में 25 कार्यों में केवल सात पूरे हुए हैं. यहां 15 कार्य प्रगतिरत और तीन अप्रारंभ हैं.

विधायक निधि के तहत तखतपुर में 296 लाख रुपये में से 200.20 लाख रुपये खर्च किए गए, जो छह क्षेत्रों में सबसे अधिक है. इसके बाद कोटा में 192.08 लाख और मस्तूरी में 173.74 लाख रुपये खर्च हुए. बिलासपुर शहर में 296 लाख रुपये के आवंटन के मुकाबले 122.50 लाख रुपये खर्च किए गए.

प्रभारी मंत्री निधि के कार्य

प्रभारी मंत्री अरुण साव की निधि से छहों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 540 लाख रुपये जारी हुए थे. इसमें से 329.99 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं. इस निधि से 70 कार्य स्वीकृत हुए, जिनमें मस्तूरी में 15 में से आठ कार्य पूरे हुए. कोटा में 14 में से चार, तखतपुर में 10 में से चार, बेलतरा में नौ में से तीन, बिल्हा में आठ में से तीन और बिलासपुर शहर में 14 में से दो कार्य पूरे हुए हैं.

कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि सीसी रोड, बोरिंग और स्कूल मरम्मत जैसी मांगों को विधायक निधि से स्वीकृति दिलाकर संबंधित अधिकारियों के समन्वय से राशि जारी कराई जाती है. उनके मुताबिक, कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी भी की जाती है.