बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता दुर्गा निर्मलकर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, देवर और सास को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की गई थी. अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक, दुर्गा का विवाह वर्ष 2022 में ग्राम सैदा निवासी रोहित निर्मलकर से हुआ था. उसके दो बेटियां थीं. मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद से ससुराल वाले दुर्गा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. आरोप है कि उस पर मायके से 1.65 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था.

घटना 26 सितंबर की बताई गई है. पुलिस के अनुसार, ससुराल में विवाद के दौरान दुर्गा के साथ मारपीट की गई और पट्टे से उसका गला दबाया गया. इसके बाद उसके शव को साड़ी के सहारे कमरे में फंदे से लटका दिया गया. पड़ोसियों ने शव को लटका देखा तो फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और परिजनों को सूचना दी. महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सिम्स अस्पताल भेजा गया. जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मायके पक्ष के लोगों ने अस्पताल पहुंचकर ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया. इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला घोंटने से होने की बात सामने आई.

पुलिस ने पति रोहित निर्मलकर, देवर मोहित निर्मलकर और सास ठगिया निर्मलकर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मारपीट और गला दबाने की बात स्वीकार की. मामले की जांच जारी है.