बिलासपुर में मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस और भाजपा ने बूथ स्तर पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. कांग्रेस ने पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और सूची में संभावित गड़बड़ियों की जानकारी जुटाने के लिए ‘वोट रक्षक’ अभियान और एप शुरू किया है. वहीं, भाजपा ने बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के 143 बूथों पर बैठक कर कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क की जिम्मेदारी दी है.
कांग्रेस ने बूथों पर ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करने की योजना बनाई
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) की बैठक में जिलाध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने वोट रक्षक एप लॉन्च किया. कार्यकर्ताओं को एप डाउनलोड कर मतदाता सूची की जांच करने के निर्देश दिए गए. कांग्रेस के अनुसार, किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने या किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर समय रहते जानकारी जुटाकर जरूरी कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में ब्लॉक, मंडल, पंचायत और बूथ अध्यक्षों को मतदाता सूची उपलब्ध कराने तथा प्रत्येक बूथ पर एक वोट रक्षक नियुक्त करने की योजना बताई गई. कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने इसे निष्पक्ष और पारदर्शी मतदाता सूची के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा अभियान बताया.
भाजपा ने 143 बूथों के लिए तय की संगठनात्मक रूपरेखा
विधायक अमर अग्रवाल ने पश्चिम, दक्षिण और मध्य मंडल के 143 बूथों की बैठक ली. उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर उन पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने को कहा, जो मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं.
भाजपा के अनुसार, हर महीने 15 से 20 तारीख के बीच मंडल पदाधिकारियों की बैठक होगी और तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी. महीने के अंतिम रविवार को बूथ समिति और स्थानीय नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने तथा इसकी जानकारी सरल पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए.
कांग्रेस ने 26 नवंबर को रायपुर में प्रस्तावित संविधान रक्षा मार्च और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम में भागीदारी की तैयारी की है. 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम पंचायत स्तर पर जन चौपाल लगाने की योजना भी बताई गई है.
