बिलासपुर में जलापूर्ति के दौरान होने वाली लीकेज, ओवरफ्लो और अवैध कनेक्शन से पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम 13.10 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना बना रहा है. निगम का लक्ष्य रोज सप्लाई होने वाले पानी का करीब 10 फीसदी बचाना है. अधिकारियों के अनुसार, इससे प्रतिदिन 60 से 75 लाख लीटर पानी बचाया जा सकता है. यह मात्रा करीब 45 हजार लोगों की जरूरत के बराबर बताई गई है.
नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के अनुसार, शहर की 52 पानी टंकियों में फ्लो मीटर लगाए जाएंगे. इसके लिए 5.20 करोड़ रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. एक टंकी में मीटर लगाने पर करीब 10 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है.
फ्लो मीटर से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से टंकी तक पहुंचने वाले पानी और टंकी से अलग-अलग इलाकों में भेजी जाने वाली मात्रा का वास्तविक आंकड़ा मिल सकेगा. अभी पानी की मात्रा का आकलन मुख्य रूप से टंकियों की क्षमता और सप्लाई के अनुमान के आधार पर किया जाता है. मीटर लगने के बाद सप्लाई और वितरण के बीच अंतर का पता लगाना आसान होगा. इससे पाइपलाइन में लीकेज या पानी के दबाव में कमी की पहचान कर समय पर मरम्मत की जा सकेगी.
22 टंकियों में ऑटोमैटिक कंट्रोल वाल्व
जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए अमृत मिशन के तहत 22 पानी टंकियों में ऑटोमैटिक कंट्रोल वाल्व लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस काम पर 8.90 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है. टंकी भरने के बाद वाल्व पानी की सप्लाई अपने आप बंद कर देंगे. इससे टंकियों से पानी ओवरफ्लो होकर बहने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी.
फ्लो मीटर पाइपलाइन से गुजरने वाले पानी की मात्रा मापते हैं. इनमें लगे सेंसर पानी के बहाव का आकलन कर लीटर या घनमीटर में आंकड़े दर्ज करते हैं. निगम को उम्मीद है कि इन उपकरणों से जलापूर्ति और खपत का बेहतर रिकॉर्ड तैयार होगा तथा बर्बादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर कार्रवाई की जा सकेगी.
