बिलासपुर में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन 14 और 17 अक्टूबर को बदलाव के संकेत हैं. मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार, 14 अक्टूबर को दिन से देर रात तक आसमान में कहीं-कहीं बादल छाए रह सकते हैं. वहीं, 17 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना है.

गुरुवार को शहर में दिनभर धूप खिली रही और मौसम सामान्य बना रहा. 24 घंटे के दौरान बिलासपुर में बारिश दर्ज नहीं की गई. शाम के बाद हल्की ठंडक महसूस हुई. मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री कम दर्ज किया गया. सुबह सापेक्ष आर्द्रता 82 प्रतिशत थी, जो शाम तक घटकर 71 प्रतिशत रह गई. तापमान में गिरावट के साथ सुबह और शाम हल्की ठंड का असर बढ़ने लगा है.

प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले दिन एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है. हालांकि, प्रदेश में लगातार बारिश जैसी स्थिति के संकेत नहीं हैं और अधिकांश दिनों में मौसम सामान्य से शुष्क रहने का अनुमान है.

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया. इसके विपरीत राजनांदगांव में दिन का सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा. बिलासपुर में 17 अक्टूबर की संभावित गरज-चमक और हल्की बारिश को देखते हुए स्थानीय स्तर पर मौसम में अल्पकालिक बदलाव की संभावना बनी रहेगी.