चक्रवात ‘मुरासु’ के कमजोर पड़ने के साथ बिलासपुर में मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इसका असर रात के तापमान पर दिखेगा और नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है.
बुधवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा. दोनों मौसम केंद्रों पर बारिश दर्ज नहीं की गई.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का अवशेष है. इसके उत्तर दिशा में बढ़ने और अगले 12 घंटे में और कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है. मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान ने भी कहा कि चक्रवात का प्रभाव कमजोर पड़ चुका है.
दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश
चक्रवात के अवशेष का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश के रूप में दिखा. पखांजूर में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर, सुकमा में 7 सेंटीमीटर और कोंटा में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. माना-रायपुर एयरपोर्ट में 4 सेंटीमीटर, जबकि लोहांडीगुड़ा, रायपुर, गादीरास और पिथौरा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई.
पांच नवंबर को दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, जबकि बिलासपुर में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
