बिलासपुर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. बादलों की आवाजाही थमने और आसमान साफ रहने के बाद दिन ढलते ही हल्की ठंडक महसूस की गई. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

बिलासपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा. न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है. पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा.

दोनों मौसम केंद्रों पर पिछले 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई. छह नवंबर को छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना बताई गई है. हालांकि, बिलासपुर और पेंड्रारोड के लिए अलग से बारिश का पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है.

बिलासपुर और पेंड्रारोड के तापमान में अंतर

गुरुवार को बिलासपुर और पेंड्रारोड के न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा. बिलासपुर में रात का तापमान 21.2 डिग्री, जबकि पेंड्रारोड में 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. दिन के अधिकतम तापमान में भी पेंड्रारोड बिलासपुर से 0.4 डिग्री कम रहा.

पूर्वानुमान के मुताबिक सात नवंबर से बस्तर संभाग में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है. नौ नवंबर से न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी की संभावना है.