बिलासपुर जिले में 28 वर्षीय युवती की मौत के मामले में पुलिस ने उसके जीजा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शादी समारोह के दौरान युवती के चरित्र को लेकर सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहे थे. इसके बाद युवती ने आत्मघाती कदम उठाया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, पचपेड़ी क्षेत्र के भगवानपाली की रहने वाली गीता राय 15 अप्रैल को मुंगेली जिले के बरछा गांव में अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने गई थी. वहां टिकारी निवासी उसके जीजा विनेत जोगी ने सतीश राय के सामने उसके चरित्र को लेकर कथित तौर पर अपशब्द कहे और गाली-गलौज की. इस दौरान समारोह में विवाद और हंगामा हुआ.
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद युवती मानसिक तनाव में थी. घर लौटने के बाद 18 अप्रैल की रात उसने खुद को आग लगा ली. गंभीर रूप से झुलसने पर उसे पहले बिलासपुर और बाद में रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
अस्पताल से सूचना मिलने पर गोलबाजार पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया था. बाद में जांच के लिए केस डायरी मल्हार चौकी भेजी गई. जांच में पुलिस ने युवती के मृत्यु पूर्व बयान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान का परीक्षण किया.
पुलिस के अनुसार, मृत्यु पूर्व बयान में युवती ने शादी समारोह में हुए विवाद और उसके बाद तनाव की जानकारी दी थी. इन साक्ष्यों के आधार पर विनेत जोगी के खिलाफ केस दर्ज किया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है.
