बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में जमीन बेचने के बाद उसी जमीन के हिस्से को बेटी के नाम दानपत्र के जरिए हस्तांतरित करने का मामला सामने आया है. महिला चिकित्सक डॉ. अनिता अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने मंगल सिंह और उनकी बेटी रीता गांधी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है.

शिकायत के अनुसार, डॉ. अनिता अग्रवाल ने 5 मार्च 2021 को मंगल सिंह से सिरगिट्टी क्षेत्र में 1,858 वर्गफीट जमीन रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी. उन्होंने जमीन की पूरी रकम चुकाने के साथ उस पर कब्जा भी ले लिया था. आरोप है कि मंगल सिंह ने जल्द नामांतरण कराने का भरोसा दिया था.

बाद में राजस्व दस्तावेजों की जांच में डॉक्टर को पता चला कि जमीन का नामांतरण उनके नाम नहीं हुआ है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नामांतरण का आवेदन दो बार रजिस्ट्री होने का हवाला देकर 3 जून 2021 को निरस्त कर दिया गया था.

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद मंगल सिंह ने 27 अगस्त 2024 को उसी खसरे की 3,270 वर्गफीट जमीन अपनी बेटी रीता गांधी के नाम पंजीकृत दानपत्र के जरिए हस्तांतरित कर दी. इसके बाद संबंधित भूमि के अलग-अलग खसरों में बेटी का नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज हो गया.

डॉ. अग्रवाल का आरोप है कि उन्होंने जमीन अपने नाम दर्ज कराने में सहयोग मांगा, लेकिन पिता-पुत्री टालमटोल करते रहे. इसी दौरान रीता गांधी ने जमीन के सीमांकन के लिए तहसीलदार के समक्ष आवेदन किया.

पुलिस ने मंगल सिंह और रीता गांधी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस जांच में जमीन की रजिस्ट्री, दानपत्र और राजस्व अभिलेखों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी.