छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे रूस में लापता है. परिवार के मुताबिक, विनीत नौकरी की तलाश में 1 अक्टूबर को मॉस्को पहुंचा था, लेकिन 7 अक्टूबर के बाद उससे संपर्क नहीं हो सका. उसकी सुरक्षित वापसी के लिए परिजनों ने बिलासपुर कलेक्टर और एसएसपी से मदद मांगी है.
परिवार का आरोप है कि विनीत को रूस में नौकरी की जानकारी टेलीग्राम ग्रुप के जरिए मिली थी. रूस पहुंचने के बाद उसे पहले मॉस्को के एक होटल में रोके जाने और भारतीय दूतावास जाने से मना किए जाने का दावा किया गया है. इसके बाद उसे वोल्गोग्राद भेजे जाने की बात कही गई है, जहां कथित तौर पर उसे एक अपार्टमेंट में रखा गया था.
7 अक्टूबर के बाद संपर्क टूटने का दावा
विनीत की बहन आशी दुबे के मुताबिक, 7 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे कुछ लोग विनीत को कार में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले गए. परिवार का आरोप है कि वहां उस पर रूस-यूक्रेन युद्ध में शामिल होने और रेजिडेंसी हासिल करने का दबाव बनाया गया. युद्ध में जाने से इनकार करने पर मारपीट और भूखा रखने का भी आरोप लगाया गया है.
परिजनों ने यह भी दावा किया है कि विनीत को ड्रग्स से जुड़े मामले में फंसाने की धमकी दी गई. परिवार को यह जानकारी किशोर नाम के एक युवक से वॉट्सऐप के जरिए मिलने की बात कही गई है. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
परिवार की शिकायत के बाद बिलासपुर पुलिस ने रूसी दूतावास और भारत के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर सहायता मांगी है. पुलिस संबंधित एजेंसियों के जवाब का इंतजार कर रही है. फिलहाल विनीत कहां है और उसकी स्थिति कैसी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
