बिलासपुर जोन में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम के कारण 6 से 18 दिसंबर के बीच 27 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, इस अवधि में 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 6 ट्रेनें अपने गंतव्य से पहले ही समाप्त कर दी जाएंगी. 11 ट्रेनें एक से नौ घंटे की देरी से चलेंगी.

रेलवे चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम करेगा. इसके साथ ही चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे. इन कामों के चलते ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव लागू किए जा रहे हैं.

यात्रियों के लिए हसदेव एक्सप्रेस में बदलाव

यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का निर्णय लिया गया है. यह व्यवस्था ट्रेन नंबर 18250 और 18249 के लिए लागू होगी.

रेलवे के मुताबिक, बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना अंतिम चरण में है. चांपा स्टेशन को इस लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग का काम इसी परियोजना का हिस्सा है.

चौथी लाइन उपलब्ध होने के बाद इस मार्ग पर यात्री और मालगाड़ियों के लिए अतिरिक्त ट्रैक मिलेगा. इससे मौजूदा ट्रैक पर परिचालन दबाव कम करने और ट्रेनों के संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है. रेलवे के अनुसार, परियोजना पूरी होने पर भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की तारीख और स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांच लेने की सलाह दी जाती है.