बिलासपुर जोन में रेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम के कारण 6 से 18 दिसंबर के बीच ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा. इस अवधि में 10 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि छह ट्रेनें अपने पूरे निर्धारित मार्ग के बजाय बीच के स्टेशन तक चलकर समाप्त होंगी. 11 ट्रेनों के संचालन में एक से नौ घंटे तक की देरी होने की जानकारी दी गई है. कुल मिलाकर 27 ट्रेनों पर असर पड़ेगा.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा. इसके साथ ही चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम भी होगा. यात्रियों की सुविधा के लिए 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249) को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन की तरह चलाने का फैसला लिया गया है.
चौथी रेल लाइन का काम अंतिम चरण में
बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना का काम अंतिम चरण में बताया गया है. चांपा स्टेशन को इस लाइन से जोड़ने और सिग्नलिंग संबंधी काम पूरा होने के बाद मार्ग पर अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा. रेलवे के मुताबिक, इससे यात्री और मालगाड़ियों के दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है. परिचालन बेहतर होने के साथ भविष्य में इस रूट पर नई ट्रेनें चलाने की संभावना भी बढ़ेगी. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है.
