दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन में 110 किलोमीटर रेल रूट पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम शुरू किया गया है. रेलवे के अनुसार, अप्रैल से नवंबर के बीच 13 रेलखंडों में यह काम पूरा हुआ. इसे 235 किलोमीटर दोहरी रेल लाइन के बराबर क्षमता वृद्धि के रूप में देखा जा रहा है.
बिलासपुर मंडल के सक्ती-झाराडीह-खरसिया खंड में 2 नवंबर और हर्री-वेंकटनगर-निगौरा खंड में 5 नवंबर को यह व्यवस्था शुरू की गई. दोनों खंड हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग और बिलासपुर-कटनी रेलमार्ग के बिलासपुर-अनूपपुर हिस्से से जुड़े हैं. इन मार्गों पर यात्री ट्रेनों के अलावा कोयला, इस्पात, सीमेंट और बिजली उद्योगों से संबंधित मालगाड़ियां भी चलती हैं.
एक रेलखंड में कई ट्रेनों का संचालन
पारंपरिक व्यवस्था में दो स्टेशनों के बीच एक समय में एक ट्रेन के संचालन के कारण अगली ट्रेन को इंतजार करना पड़ता है. ऑटोमैटिक सिग्नलिंग में स्टेशनों के बीच के रेलखंड को छोटे हिस्सों में बांटकर सिग्नल लगाए जाते हैं. ट्रेन के आगे बढ़ने पर सिग्नल स्वतः बदलते हैं और आगे का रास्ता खाली होने पर ही अगली ट्रेन को आगे बढ़ने का संकेत मिलता है.
सक्ती-झाराडीह-खरसिया 16 रूट किलोमीटर लंबा और चार रेल लाइनों वाला खंड है. यहां 32 नए ऑटोमैटिक सिग्नल, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग और MSDAC के 180 डिटेक्शन पॉइंट लगाए गए हैं. सिस्टम की निगरानी के लिए 1024 बिट क्षमता वाला डेटालॉगर, जबकि उपकरणों की सुरक्षा के लिए फायर अलार्म और अर्थ लीकेज डिटेक्टर लगाए गए हैं.
हर्री-वेंकटनगर-निगौरा तीन रेल लाइनों वाला 18 रूट किलोमीटर का खंड है, जिसे 36 किलोमीटर दोहरी लाइन के बराबर माना गया है. यहां व्यवस्था RDSO के मानक डिजाइन के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग से जोड़ी गई है. रेलवे के मुताबिक, इससे ट्रेनों का इंतजार घटाने, माल परिवहन तेज करने और भविष्य में अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
