दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सर्दियों में घने कोहरे के दौरान ट्रेन परिचालन को सुरक्षित बनाने के लिए बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों को कुल 3657 फॉग सेफ डिवाइस उपलब्ध कराए हैं. GPS आधारित इन उपकरणों से लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नल, रेलवे स्टेशन, लेवल क्रॉसिंग और अन्य महत्वपूर्ण रेल स्थलों की जानकारी पहले से मिल सकेगी.

रेल प्रशासन के अनुसार, उपकरण अगले निर्धारित सिग्नल की जानकारी करीब 500 मीटर पहले तक दे सकता है. इससे कम दृश्यता वाले इलाकों में लोको पायलटों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और परिचालन नियमों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने में मदद मिलेगी.

खोंगसरा और भनवारटंक रेलखंडों में कोहरे की चुनौती

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का नेटवर्क मैदानी इलाकों के अलावा जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों से होकर भी गुजरता है. सर्दियों में कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण सिग्नल और रेल मार्ग देखने में परेशानी होती है. खोंगसरा और भनवारटंक के आसपास के रेलखंडों को ऐसे क्षेत्रों में बताया गया है, जहां कोहरा ट्रेन संचालन को प्रभावित कर सकता है.

फॉग सेफ डिवाइस की मेमोरी में संबंधित रेल मार्ग की जानकारी पहले से दर्ज रहती है. इसमें रेलवे स्टेशन, सिग्नल, मानवित और अमानवित समपार फाटक तथा न्यूट्रल सेक्शन जैसे स्थलों का विवरण शामिल होता है. उपकरण स्क्रीन पर जानकारी दिखाने के साथ ऑडियो अलर्ट भी देता है. रेल मार्ग के क्रम में आने वाले अगले तीन निर्धारित सिग्नलों की जानकारी करीब 500 मीटर पहले तक मिल सकती है.

इलेक्ट्रिक और डीजल ट्रेनों में इस्तेमाल

यह उपकरण सिंगल और डबल लाइन, विद्युतीकृत तथा गैर-विद्युतीकृत रेलखंडों के लिए उपयोगी है. इसका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक और डीजल इंजन के अलावा ईएमयू, मेमू और डेमू ट्रेनों में भी किया जा सकता है. इसमें 18 घंटे का इन-बिल्ट रिचार्जेबल बैटरी बैकअप है.

उपकरण हल्का, पोर्टेबल और मजबूत बनाया गया है. लोको पायलट इसे ड्यूटी के दौरान साथ ले जाकर इंजन के कैब डेस्क पर रखकर इस्तेमाल कर सकते हैं.